पूर्णिया, 24 जनवरी ।जननायक, भारत रत्न एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर की जयंती पूर्णिया के विकास बाजार स्थित कर्पूरी स्मारक पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने स्मारक परिसर में स्थापित कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
जयंती समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर समाजवाद के सच्चे पुरोधा थे। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में दबे-कुचले, पिछड़े और वंचित वर्गों को अधिकार और सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। सामाजिक न्याय, समानता और समरसता उनके जीवन के मूल मंत्र रहे। ऐसे महापुरुष न केवल प्रेरणास्रोत हैं, बल्कि समाज के लिए पूजनीय भी हैं।
विधायक ने कहा कि विधायक निधि से कर्पूरी स्मारक का सौंदर्यीकरण कर्पूरी ठाकुर के विचारों और उनके संघर्षों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय और सेवा का संदेश देता रहेगा।