पूर्वी सिंहभूम, 17 जनवरी । शहर के प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) में शनिवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में श्री दुर्गा सप्तशती का संपुट पाठ और श्री सुंदरकांड का संगीतमय पाठ श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय थे। उनके सान्निध्य में मंदिर के गोपुरम यानि मुख्य प्रवेश द्वार के शीर्ष पर पांच सुंदर और अलंकृत कलशों की स्थापना भी की गई, जिससे मंदिर का स्वरूप और अधिक भव्य हो गया।
कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आना-जाना लगा रहा और पूरे वातावरण में मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत की गूंजतर रही। विद्वान आचार्य विनोद पांडेय ने पूरे अनुष्ठान का संचालन किया। सुबह में सर्वप्रथम मां काली, भगवान हनुमान, भगवान गणेश और श्री लक्ष्मी नारायण भगवान की विधिवत पूजा कराई। इसके बाद शांतिपाठ कराया गया और संकल्प दिलाया गया।
पूजन क्रम में गौरी-गणेश, वरुण, नवग्रह, मातृका, काली देवी सहित अन्य देवी-देवताओं का आह्वान कर विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ संपन्न हुआ। पाठ के बाद हवन और आरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में भोग अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शंभू सिंह, शिव शंकर सिंह, अशोक गोयल, आशुतोष राय, राघवेंद्र प्रताप सिंह, ललन द्विवेदी पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।