रांची, 18 जनवरी । झारखंड में शीतलहर का असर कम होते ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।
राजधानी रांची में शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को यह बढ़कर 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री से बढ़कर 28 डिग्री, चाईबासा में 27.8 से बढ़कर 30.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 27.4 से बढ़कर 28.8 डिग्री और बोकारो में 24.5 डिग्री से बढ़कर 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग की ओर से रविवार को बताया गया कि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में एक अन्य निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड के मौसम में और बदलाव की संभावना जताई गई है।
इधर, रांची और आसपास के क्षेत्रों में रविवार की सुबह से मौसम साफ रहा। दिनभर हवा नहीं चलने के कारण धूप में तेज तपिश महसूस की गई, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास कम हुआ।
रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 9.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 28.8 डिग्री और न्यूनतम 4.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.1 डिग्री और न्यूनतम 7.6 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।————-