बरेली बना कानून व्यवस्था का मॉडल, स्कूलों में नैतिक शिक्षा पर जोर : धर्मपाल सिंह

Share

बरेली, 2 जनवरी । प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था की मिसाल के रूप में बरेली को प्रस्तुत किया जाता है। यह बात पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की निर्णायक नीतियों और प्रशासनिक सख्ती के कारण वर्ष 2025 में बरेली में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, जिसे स्वयं मुख्यमंत्री ने भी सराहा है।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ वर्ष 2026 के प्रस्तावित विकास कार्यों, पंचायत चुनाव, मकर संक्रांति व माघ पूर्णिमा के दौरान कानून व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2026 विकास और जनकल्याण का वर्ष बने, इसके लिए सभी को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

मंत्री ने किसानों और पशुपालकों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद, बीज, सिंचाई और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए बकरी, भेड़, सूअर और मुर्गी पालन योजनाओं में बैंक सहयोग बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने चिंता जताई कि दूध की मांग बढ़ रही है लेकिन पशुपालकों की संख्या घट रही है।

पर्यटन पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि नाथ नगरी के शिव मंदिरों के कारण नाथ कॉरिडोर विकसित हो रहा है। ऐसे में कनेक्टिविटी बेहतर की जाए और हवाई उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाए। स्कूलों में नैतिक शिक्षा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी उन्होंने बल दिया, ताकि नई पीढ़ी मोबाइल की लत से दूर रह सके।

बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि एकीकृत कृषि, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने साइबर अपराध से बचाव के लिए 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी। बैठक में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।