बलरामपुर : समर्थन मूल्य से मजबूत हुआ किसान का भरोसा, धान खरीदी में दिखी रफ्तार

Share

जिले के कुसमी विकासखंड स्थित चांदो धान उपार्जन केंद्र में इन दिनों धान खरीदी कार्य तेजी से जारी है। ग्राम बसकेपी के किसान अखिलेश कुमार गुप्ता भी यहां अपनी उपज बेचने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे करीब 500 बोरी धान विक्रय के लिए लाए हैं। उनके पास लगभग 12 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें इस वर्ष अच्छी पैदावार हुई है।

किसान का कहना है कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीदी से उन्हें फसल का उचित मूल्य मिल रहा है। सबसे बड़ी राहत यह है कि धान बिक्री की राशि बिना देरी सीधे बैंक खाते में जमा हो रही है। इससे आर्थिक योजनाएं बनाना आसान हुआ है।

अखिलेश गुप्ता ने बताया कि पिछले साल धान बिक्री से मिली राशि से उन्होंने घरेलू जरूरतें पूरी की थीं। इस वर्ष वे बच्चों की पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और कुछ बचत पर ध्यान दे रहे हैं। समय पर भुगतान से खेती से जुड़े अन्य कार्यों को भी सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां बारदाने की कोई कमी नहीं है और इलेक्ट्रॉनिक तौल व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी हुई है। किसानों को बिना अनावश्यक इंतजार के धान बेचने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित में बनाई गई खरीदी व्यवस्था से खेती को मजबूती मिल रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नया संबल मिल रहा है।