राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

Share

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी), अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं और सुरक्षा, सम्मान तथा गरिमा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बैरिकेडिंग, रूट लाइन क्लियरेंस, यातायात नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और पुलिस बल की तैनाती को पूरी तरह प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा।

एयरपोर्ट परिसर में राष्ट्रपति सचिवालय और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार आगमन एवं प्रस्थान से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को पूरा करने पर जोर दिया गया। वहीं, रूट लाइन निरीक्षण के दौरान सड़कों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। करनडीह स्थित जाहेर स्थल पर बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन प्रबंधन को सुदृढ़ रखने को कहा गया।