शहीद निर्मल महतो की जयंती पर विभिन्‍न दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Share

इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि निर्मल महतो ने जिस निस्वार्थ भावना, अदम्य साहस और संकल्प के साथ पृथक झारखंड राज्य के आंदोलन को दिशा दी, वह अतुलनीय है। उनका बलिदान केवल इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचार आज भी झारखंड के विकास और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि समृद्ध, खुशहाल और सशक्त झारखंड के निर्माण के लिए सभी को निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।

मौके पर घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो का योगदान झारखंड राज्य के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि आज सभी को मिलकर उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए झारखंड को आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि राज्य का सर्वांगीण हो सके। वहीं जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान ही शहीद निर्मल महतो की हत्या हुई थी, जिसके बाद आंदोलन और अधिक तेज किया गया।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं 20 सूत्री कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार ने कहा कि शहीद निर्मल महतो की कुर्बानी के बाद आंदोलन को निर्णायक गति मिली। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सरकार के साथ मिलकर कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना चाहिए।

ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने कहा कि शहीद निर्मल महतो के उलियान स्थित समाधि स्थल पर झारखंड के अलावा ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी लोग एकजुट होकर शहीद निर्मल महतो को नमन कर रहे हैं, जो उनके संघर्ष और बलिदान के प्रति जनभावना को दर्शाता है।