खूंटी, 28 दिसंबर । तोरपा विधानसभा के ममरला गांव में रविवार को अटल स्मृति सम्मेलन सह सुशासन दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा है कि अटल जी ने दुमका में वर्ष 1999 में हुई एक रैली में उपस्थित भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर एनडीए की सरकार बनती है तो मैं आपको झारखंड अलग राज्य का तोहफा दूंगा। झारखंड की जनता ने भरोसा किया और अटल जी ने जनता को अलग झारखंड राज्य का तोहफा दिया। नीलकंठ ने कहा कि जब भी चुनाव आता था, तो विभिन्न पार्टी के लोग कहते थे अलग राज्य बना कर देंगे और चुनाव खत्म होते ही भुला जाते थे। अटल जी नहीं होते तो आज झारखंड राज्य अलग नही होता। अटल बिहारी वाजपेयी ने 24 अलग अलग दलों को एकजूट कर सरकार बनाई और सफलता पूर्वक पांच साल सरकार चलाई। अटल बिहारी वाजपेयी में कई खूबियां थी। वे अपनी पार्टी का नेता हो या विरोधी पार्टी का, सबको साथ लेकर चलने की खूबी उन्हें दूसरे नेताओं से अलग करती थी।
तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि अगर अटल जी नहीं होते तो आज झारखंड नहीं होता। अटल जी एक पत्रकार, राजनेता, प्रवक्ता, संपादक, कवि थे। वे सर्व गुण संपन्न व्यक्ति थे। अटल जी ने गांव-गांव को शहर से जोड़ने के लिए ग्रामीण सड़क योजना लेकर आए। बड़े-बडे़ शहरों को फोर लेन सड़क से जोड़ने का काम किया। बाढ़, सूखे से किसानों को बचाने के लिए नदियों को जोड़ने का काम किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए
जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने कहा कि अटल जी एक पत्रकार, राजनेता, कवि थे। सबके बीच लोकप्रिय थे। संसद में जब वे बोलते थे तो वहां पीन ड्रोप साइलेंट हो जाता है सभी कोई उसको सुनना चाहते थे। अटल जी ने देश को परमाणु सम्पन्न बनाया।
जिला महामंत्री संजय साहू ने स्वागत भाषण दिया और झारखंड के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के समय अटल जी ने उस समय के तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति को कहा था कि मैं आधा भारत को खो सकता हूं लेकिन कल का सूरज पाकिस्तान देख नहीं पायेगा। मंच संचालन तोरपा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष पुरेन्द्र मांझी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन बिरदा मण्डल अध्यक्ष ओमिन सिंह ने किया। कार्यक्रम में सर्व प्रथम अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तत्पश्चात सामुहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का गायन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्य समिति सदस्य संतोष जायसवाल, जिला महामंत्री संजय साहू, निखिल कन्डुलना, जिला उपाध्यक्ष भागीरथ राम, जिला मंत्री संजय नाग, मीडिया सह प्रभारी महावीर राम, जिला मोर्चा अध्यक्ष श्याम सोनी, संतोष त्रिपाठी, तोरपा विधानसभा के मण्डल अध्यक्ष क्रमश: सुबोध गुप्ता, बालमुकुंद सिंह, ओमिन सिंह, सुशीला देवी, मुशकु स्वांसी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।