धमतरी : निगम कार्यालय के सामने कांग्रेसियों ने किया सदबुद्ध‍ि यज्ञ - सरस जनवाद

धमतरी : निगम कार्यालय के सामने कांग्रेसियों ने किया सदबुद्ध‍ि यज्ञ

Share

धमतरी, 26 दिसंबर । शहर की जनता एवं नगर निगम के पार्षदों की सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस के पार्षदों द्वारा नगर निगम कार्यालय के समक्ष जारी धरना प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के सातवें दिन सद्बुद्धि यज्ञ के साथ इसका समापन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि महापौर रामू रोहरा पिछले एक वर्ष से केवल झूठे वादे और जुमलेबाजी कर शहर की जनता और निगम को गुमराह कर रहे हैं।

कांग्रेसियों ने कहा कि, अब ऐसे में अब ईश्वर से ही सद्बुद्धि की प्रार्थना करने का मार्ग बचा है, इसी उद्देश्य से यज्ञ कर आहुतियां दी गईं। धरना स्थल पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष निशु चंद्राकर ने समर्थन देते हुए कहा कि महापौर को ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यक्रमों को छोड़कर शहर के विकास पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि, राज्य में पिछले दो वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन इस अवधि में शहर के विकास कार्य ठप पड़े हैं। सद्बुद्धि यज्ञ के माध्यम से निगम में बैठे जनप्रतिनिधियों को जागने का संदेश दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि महापौर को जुमलेबाजी और फोटोबाजी बंद कर शहरहित एवं शहर विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जनता ने उन्हें शहर के विकास के लिए जनादेश दिया है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।

उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन सहित पार्षद योगेश लाल, सूरज गहरवाल, सुमन मेश्राम, पूर्णिमा रजक, रामेश्वरी को, उमा ध्रुव ने संयुक्त रूप से कहा कि महापौर के एक वर्ष के कार्यकाल में ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है जिसे जनता के सामने रखा जा सके। यह सात दिवसीय धरना प्रदर्शन निगम के जिम्मेदार लोगों को जगाने के लिए सांकेतिक रूप से किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महापौर ने जनता से किए गए वादों को शीघ्र पूरा नहीं किया तो आने वाले समय में जनता के आक्रोश के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

धरना स्थल पर पूर्व पार्षद अजय वर्मा, राजेश पांडे, सोमेश मेश्राम, गजानंद रजक, युवा कांग्रेस नेता गौतम वाधवानी, गीत राम सिंहा, देवेंद्र देवांगन, अविनाश मरोते, आशुतोष खरे, अभिषेक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।