उपमुख्यमंत्री शर्मा ने 4.41 करोड़ की लागत के 250 सीटर नालंदा लाइब्रेरी का किया भूमिपूजन

Share

कवर्धा/रायपुर 17 नवंबर । छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शिक्षा, अध्ययन संसाधनों और ज्ञान-संस्कृति के विस्तार को नई दिशा देने के नवीन पहल की जा रही है। जिसके तहत उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा के विधायक विजय शर्मा ने आज साेमवार काे कवर्धा में 4.41 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक एवं पूर्णत: डिजिटल सुविधाओं से युक्त 250 सीटर नालन्दा लाइब्रेरी का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ सियाराम साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर, विजय पटेल, मनीराम साहू, सतविंदर पाहुजा सहित समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने सभी से मुलाकात कर जिले के युवाओं, प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों, शोधार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर की नालंदा परिसर की तर्ज पर बनाया जा रहा यह नालंदा परिसर जिले में बहुआयामी ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित होगा और कवर्धा में शिक्षा और ज्ञान-संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक लेकर जाएगा और नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

भारत की शिक्षा–संस्कृति का गौरव इतिहास काल से है। भारत में प्राचीन काल से नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय रहे हैं। जब दुनिया पृथ्वी को चपटी मानती थी, तब भारत ज्ञान-विज्ञान में विश्व का मार्गदर्शक था। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय हमारी गौरवशाली धरोहर है। भारत की पुरातन ज्ञान परंपरा वेद, उपनिषद, भौतिक विज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान—दुनिया में अद्वितीय रही है। आर्यभट्ट द्वारा सूर्य और गणितीय खोजें इसका प्रमाण हैं। यदि हम अपने इतिहास को समझेंगे, तो महसूस होगा कि भारत जैसा कहीं और कुछ नहीं है।

उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में डिजिटल लाइब्रेरी, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की अच्छी किताबें, दैनिक अखबार, समसामयिक किताबें, विख्यात जर्नल्स, अच्छे लेखकों की पुस्तकें, प्रेरणादायी किताबों के साथ बच्चों के लिए विशेष ज्ञान-कोना भी उपलब्ध होगा, जिनके ज्ञान का युवा से लेकर हर वर्ग के लोग लाभ ले सकेंगे। इसकी खासियत यहां के ऑडियो विसुअल कॉन्टेंट होंगे। जहां विद्यार्थी अपनी पसंदीदा बुक या विषय पर ऑडियो विसुअल माध्यम से जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा विश्व में तेजी से बढ़ रही एआई तकनीकी में युवा पीछे ना रह जाएं इसके लिए परप्लेक्सिटी, ग्रोक, चैटजीपीटी जैसे एआई टूल्स का भी एक कॉर्नर बनाया जाएगा, जहां युवा एआई टूल्स का निःशुल्क प्रयोग कर सकेंगे।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि खेल एवं तैयारी हेतु नई सुविधा के तहत विद्यार्थियों के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय की सरकार पीएससी सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की कड़ी निगरानी की जा रही है। बच्चों का चयन उनकी मेहनत और योग्यता से ही होगा। उन्होंने भोरमदेव विद्यापीठ के चयनित छात्रों को शुभकामनाएँ दीं, जहां प्रतिवर्ष 200 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 6 हजार कांस्टेबल भर्ती के परिणाम जल्द जारी होंगे।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि कवर्धा को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात मिली है। मेडिकल कॉलेज के लिए 42 एकड़ भूमि आरक्षित कर ली गई है तथा लगभग सवा 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है एवं निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू हो जाएगा। कॉलेज में 50 से अधिक सीटों की तैयारी की जा रही है, वहीं 60 पदों की स्वीकृति भी मिल चुकी है। रायपुर–बिलासपुर मार्ग के 7.8 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाते हुए कवर्धा एंट्रेंस का विकास किया जा रहा है, जिसके लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के उन्नयन के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत कर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है। हनुमंत वाटिका का निर्माण भव्य स्वरूप में पूरा हो चुका है। ठाकुरदेव चौक से नए बस स्टैंड तक सड़क निर्माण कार्य जारी है और इसके साथ ही पुराने बस स्टैंड को पुनर्जीवित किया जा रहा है।