भाजपा ने पार्टी नेताओं के पुतला जलाने पर की झामुमो की निंदा

Share

बैठक में नेत्रियों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि झामुमो एक ओर मंईयां सम्मान योजना चलाकर महिलाओं के सम्मान की बात करता है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र की पूर्व सांसद गीता कोड़ा का पुतला जलाता है जो पार्टी की दोहरी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यह कृत्य न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि झारखंड की सभ्यता और राजनीतिक मर्यादा पर भी आघात पहुंचाता है।

नेत्रियों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का पुतला जलाए जाने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि गडकरी के मंत्रालय ने झारखंड में सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं स्वीकृत की है और ऐसे में उनका पुतला जलाना जनहित के कार्यों के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि झामुमो का यह कदम जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और वर्तमान मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन दोनों ही आदिवासी समाज से हैं और यदि ये नेता ग्रामीणों की जायज़ नो-एंट्री मांग का समर्थन करते हैं, तो उनका पुतला जलाकर झामुमो क्या संदेश देना चाहता है।

महिला मोर्चा ने कहा कि यह लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार और जनता की आवाज़ को कुचलने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झामुमो का यह तथाकथित शक्ति प्रदर्शन उसकी जनविरोधी और महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।