केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित 44वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के हेल्थ पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीजीएचएस डॉ. सुनीता शर्मा, संयुक्त सचिव सौरभ जैन, तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस साल इस पवेलियन की थीम
“स्वस्थ भारत श्रेष्ठ भारत”है जो देश को अधिक स्वस्थ और सशक्त बनाने की दृष्टि को रेखांकित करता है। यह पवेलियन मंत्रालय द्वारा बनाई जा रही स्वास्थ्य नीतियों और जन-स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक दायरे को दर्शाता है।
इस मौके पर पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्रालय राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों को प्राप्त करने और सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति को तेज़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने बताया,
“हाल ही में शुरू किया गया स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान 11 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखता है। इसके साथ ही युवा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान और अंगदान के लिए राष्ट्रीय अभियान भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।”
जन-जागरूकता बढ़ाने में हेल्थ पवेलियन की भूमिका
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने आगंतुकों से हेल्थ पवेलियन अवश्य देखने का आग्रह किया और इसे जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा,
“यह पवेलियन भारत की स्वास्थ्य प्रणाली और चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करता है। सीपीआर जागरूकता सत्र, एनीमिया परीक्षण सहित कई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।