बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष जोर दिया जाएगा: राहुल गांधी

Share

भागलपुर की जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष बल दिया जाएगा। यह सरकार गरीब, पिछड़े, अति पिछड़े, किसान, मजदूर और युवाओं की होगी।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के नालांदा विश्वविद्यालय का प्राचीन गौरव लौटाया जाएगा। इसे विकसित किया जाएगा। यहां पूर्व की तरह विदेशों से लोग शिक्षा ग्रहण करने आएंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के बुनकरों और मखाना किसान के लिए बाजार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि उनको उनके उत्पाद का उचित कीमत मिल सके।

राहुल गांधी ने यहां एक बार फिर से वोट चोरी का मुद्दा उठाया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वोट चोरी का प्लान पूरे देश में लागू करना चाहती है। इन्होंने हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में यही काम किया है। अब ये यही काम बिहार में करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके कई नेताओं ने गुरुवार को बिहार में वोट दिया, उन्हीं नेताओं ने दिल्ली चुनाव में भी वोट दिया था। एक तरफ भाजपा नेताओं को एक से ज्यादा वोट देने दिया जा रहा है, वहीं, दूसरी तरफ उनके वोट काटे जाते हैं, जो कांग्रेस या महागठबंधन को वोट देते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में भी फर्जी वोटर लिस्ट आएगी और भाजपा के लोग फर्जी वोट डालने की कोशिश करेंगे, लेकिन बिहार की जनता ऐसा नहीं होने देगी, वो पोलिंग बूथ पर खड़ी होकर वोट चोरी रोकेगी।

राहुल गांधी ने कहा कि हमारे संविधान में हिंदुस्तान की जनता की आवाज है, लेकिन भाजपा के लोग अमीरों की मदद करने के लिए, जनता का धन लूटने के लिए और संविधान को कुचलने के लिए वोट चोरी करते हैं।

भागलपुर की जनता से उन्होंने कहा, मैं बस यही कहना चाहता हूं, भाजपा और चुनाव आयोग के लोग बिहार की जनता के बारे में नहीं जानते हैं।‌ बिहार की जनता यहां किसी कीमत पर वोट चोरी नहीं होने देगी।”

अंत में राहुल गांधी ने जनसभा में मौजूद लोगों से महागठबंधन के प्रत्याशी को जिताने की अपील की। इस दौरान मंच पर भागलपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा, कहलगांव विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण सिंह कुशवाहा, ललन यादव सहित अन्य महागठबंधन के नेता मौजूद थे।