भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को हिल चौक में स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के वीर पुरुष नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व कर समाज को नई दिशा दी। बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, बलिदान और समाज सुधार के प्रतीक के रूप में आज भी सभी को प्रेरित करता है। कोचे मुंडा ने युवाओं से अपील की कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य संतोष जायसवाल, विनोद भगत, शशांक शेखर राय सहित अनेक पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।