दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए शुरू किया ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’

Share

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि यह पहल दिल्ली में महिलाओं के लिए यात्रा को आसान बनाने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने और नारी शक्ति को अधिक सुविधाएं और सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 502 पालना घरों ने कार्यरत माताओं को निश्चिंत होकर काम करने का अवसर दिया है। 10 करोड़ रुपये तक के कोलैटरल-मुक्त एमएसएमई ऋण ने महिलाओं को आत्मनिर्भर उद्यमी बनने का संबल दिया है। सुरक्षित यात्रा, सीसीटीवी निगरानी और रात्रि पाली जैसी सुविधाओं ने महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है। 7500 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से मातृ एवं बाल स्वास्थ्य सेवाएं हर घर तक पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा से लेकर आत्मनिर्भरता तक दिल्ली की महिलाएं आज सशक्त राष्ट्र की पहचान बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति’ मंत्र से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार महिला सशक्तिकरण के इस संकल्प को नए आयाम दे रही है।