यमुना का झाग केजरीवाल सरकार की 10 साल की नाकामी का नतीजा है : वीरेंद्र सचदेवा

Share

वीरेंद्र सचदेवा ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि यह हैरान करने वाला है कि आआपा नेता नई भाजपा सरकार पर यमुना की गंदगी का ठीकरा फोड़ रहे हैं, जबकि यमुना को नाले में बदलने की असली जिम्मेदार केजरीवाल की 10 साल पुरानी सरकार है। 2015 से 2023 तक यमुना सफाई के नाम पर 6500 करोड़ से ज्यादा की कथित गड़बड़ियों के आरोप लगे, लेकिन न एक नया एसटीपी लगा, न नजफगढ़ नाले या पूर्वी दिल्ली के बड़े नालों पर कोई काम हुआ।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि 10 साल तक आआपा सरकार न तो यमुना की आंशिक सफाई कर पाई और न ही घाटों पर छठ पूजा का आयोजन कर सकी। लेकिन भाजपा की नई सरकार ने कुछ ही महीनों में यमुना की सफाई करवाई और घाटों पर भव्य छठ पूजा का आयोजन सफलतापूर्वक कराया। उन्होंने कहा कि इसी सफलता से राजनीतिक रूप से असंतुलित होकर आआपा नेता अब हर बार मुख्य नालों से गंदा पानी आने पर झाग दिखते ही भाजपा पर अनर्गल आरोप लगाने लगते हैं।

सचदेवा ने भरोसा दिलाया कि वर्तमान दिल्ली सरकार ने 37 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का काम शुरू कर दिया है और सभी बड़े नालों की सफाई तेज गति से चल रही है। उन्होंने कहा “बहुत जल्द दिल्लीवासियों को स्वच्छ, पवित्र और प्रदूषण-मुक्त यमुना मिलने वाली है।”