सूक्खु सरकार में नियुक्तियों का दौर तेज, कांग्रेस नेताओं को निगम-बोर्डों में मिली तैनाती

Share

सबसे अहम नियुक्ति हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर की है। मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार सुक्खू सरकार ने उन्हें हिमाचल प्रदेश राज्य युवा बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। छतर सिंह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु के करीबी माने जाते हैं और युवा कांग्रेस में उनकी सक्रियता व संगठनात्मक पकड़ से उन्हें ये तैनाती दी गई है।छतर सिंह को यह जिम्मेदारी देकर सरकार ने साफ संकेत दिया है कि संगठन के भीतर अच्छा काम करने वालों को आगे बढ़ाया जाएगा और युवाओं को सत्ता ढांचे में निर्णायक भूमिका दी जाएगी।

दूसरी महत्वपूर्ण नियुक्ति शशि शर्मा की हुई है, जिन्हें हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया है। अधिसूचना के अनुसार उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी, जबकि उनके कार्यकाल की शर्तें अलग से जारी होंगी। शशि शर्मा लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और मंडी जिला में उनकी सियासी पहचान है। उनकी नियुक्ति को मंडी संसदीय क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

इसके साथ ही सरकार ने लाल सिंह कौशल को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम का गैर-आधिकारिक निदेशक तथा साथ ही निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंडी जिला के सक्रिय सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाने वाले लाल सिंह कौशल पर यह जिम्मेदारी देकर सरकार ने दलित नेतृत्व को भी राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।

इसके अतिरिक्त शिमला जिला के चौपाल क्षेत्र से आने वाले सुरेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (HPMC) का उपाध्यक्ष बनाया गया है। HPMC बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण संस्थान माना जाता है और इस नियुक्ति का सियासी प्रभाव शिमला, सिरमौर और किन्नौर क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

इन सभी नियुक्तियों को कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों को साधने, क्षेत्रीय संतुलन बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को गति देने की कोशिशों के रूप में देखा जा रहा है। सूक्खु सरकार का यह संदेश स्पष्ट है कि संगठन में मेहनत करने वालों और सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वालों को वरीयता दी जाएगी।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश सरकार अगले माह अपना 3 साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इसी कड़ी में 11 दिसंबर को मंडी में सरकार भव्य समारोह आयोजित करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए विधायक विनय कुमार को नया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे 30 नवंबर को शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे।