बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर अभाविप 15 को शुरू करेगी भगवान बिरसा संदेश यात्रा

Share

यह यात्रा 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु, खूंटी से शुरू होकर देहरादून में आयोजित हो रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें में राष्ट्रीय अधिवेशन में 27 नवंबर को पहुंचेगी।

यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए अभाविप झारखंड के प्रदेश मंत्री मनोज सोरेन ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 15 नवंबर को उलिहातु में भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री गोविंद नायक और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष आर्यनमान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद यात्रा झारखंड के चक्रधरपुर, सरायकेला, जमशेदपुर सहित कई जिलों से होते हुए उत्तराखंड के लिए रवाना होगी। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत, खुले मंच पर कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 27 नवंबर को यह यात्रा राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचेगी, जहां यात्रा का भव्य स्वागत होगा और पूरे अधिवेशन में भगवान बिरसा मुंडा संदेश यात्रा का यह रथ आकर्षण का केंद्र बना रहेगा।

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान, वीरता की उनकी गाथाएं और झारखंड की सभ्यता और संस्कृति को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

अभाविप झारखंड के जनजातीय छात्र कार्य प्रमुख डब्लू भगत ने कहा कि यह यात्रा झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के भी कई जिलों में पहुंचेगी, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़–नाटक, गीत संगीत कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा संदेश यात्रा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य यही है कि आज की युवा पीढ़ी को धरती आबा बिरसा मुंडा के संघर्ष, उनके योगदान को बताया और समझाया जा सके कि किस प्रकार से एक युवक जिसकी संपूर्ण आयु मात्र 25 वर्ष ही रही, इतनी कम उम्र में अपने शौर्य और पराक्रम के दम पर उन्होंने न केवल ब्रिटिश सरकार के नींव हिला दी, बल्कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए भी युवावस्था में ही बहुत क्रांतिकारी कार्य किए। इस यात्रा के माध्यम से देश के लोगों में भगवान बिरसा मुंडा की संपूर्ण जीवन यात्रा को दिखाना ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य है।