छठ पर्व के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस विभाग ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी, एसडीओपी बाजीलाल सिंह और रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू ने कन्हर नदी घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी ने दी जानकारी
एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने बताया कि, रामानुजगंज कन्हर नदी घाट पर छठ महापर्व का आयोजन वृहद स्तर पर होता है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्था दोनों की विशेष तैयारी की गई है। ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्ट किया गया है और भीड़ नियंत्रण के लिए अस्थाई पुलिस चौकी भी स्थापित की जा रही है। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लोगों से सहयोग की अपील
एएसपी ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि, वे यातायात को सुव्यवस्थित रखने और प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि, छठ एक लोक आस्था का पर्व है, और इसके सफल आयोजन में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि, कन्हर नदी तट पर इस समय आस्था का सागर उमड़ पड़ा है। महिलाएं पारंपरिक गीतों के साथ सूर्य उपासना की तैयारी में जुटी हैं तो प्रशासन और पुलिस भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह तत्पर है। इस बार का छठ घाट रामानुजगंज में न केवल भक्ति का प्रतीक बना है, बल्कि अनुशासन और सहयोग की मिसाल भी पेश कर रहा है।