आत्मनिर्भर भारत अभियान का उद्देश्य देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना: प्रफुल्ल

Share

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा मंडल के अंतर्गत बड़ाजामदा साप्ताहिक हाट में गुरुवार को आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सरना युवा मोर्चा के अध्यक्ष एवं आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के मंडल प्रभारी प्रफुल्ल महाकुड़ ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिला पार्षद शंभू पासवान ने की।

कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता, दुकानदार और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर शंभू पासवान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का उद्देश्य देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और आयात पर निर्भरता घटाना है। उन्होंने बताया कि यह पहल कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू की गई थी ताकि स्थानीय उद्योगों, नवाचारों और उद्यमिता को बढ़ावा देकर भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके।

अन्य वक्ताओं ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारतीयों को अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि करोड़ों देशवासियों के सामूहिक प्रयास से ही “आत्मनिर्भर भारत” का सपना साकार हो सकता है।कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजीत सिंह (जिला कार्यसमिति सदस्य), कैलाश दास (पूर्व सारंडा मंडल अध्यक्ष), मदन गुप्ता, गणेश गुप्ता, राजा तिर्की, राजेश ठाकुर, चितरंजन प्रधान, महेंद्र महाकुड़, मंगल सिंह गिलुवा (अनुसूचित जनजाति प्रदेश कार्यसमिति सदस्य) और शिवकुमार गुप्ता (जिला कार्यसमिति सदस्य) उपस्थित रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान “स्वदेशी अपनाओ – देश को आत्मनिर्भर बनाओ” का नारा गूंजता रहा। उपस्थित लोगों ने इस अभियान को सफल बनाने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।