बरेली बवाल: आईएमसी का जिलाध्यक्ष समेत 17 गिरफ्तार, अब तक 72 लोग भेजे जा चुके जेल

Share

पुलिस अधीक्षक (सिटी) मानुष पारीक ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली क्षेत्र से 14 और बारादरी क्षेत्र से दो आरोपियों को पकड़ा गया। एक अन्य में आईएमसी का जिलाध्यक्ष शमशाद हैं।

उस पर दंगा भड़काने और व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए साजिश रचने का आरोप है। इसके अलावा गिरफ्तारियों में मो. महताब, जाकिर कुरैशी, फैजान, अब्दुल नफीस, गुड्डू अहमद, अयान, रईस, शेरु और हस्सान जैसे नाम शामिल हैं। इनमें एक आरोपी नाबालिग भी है।

पुलिस ने बताया कि दंगे से जुड़े 10 मुकदमों में अब तक कुल 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें कई सीधे पथराव, फायरिंग और दुकानों व वाहनों को नुकसान पहुंचाने में शामिल रहे हैं।

इसी दौरान पुलिस ने ताजिम को मुठभेड़ में दबोच लिया। ताजिम ने शाहमतगंज में पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। हरुनगला के पास बाइक पर मौजूद ताजिम भागने लगा और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ताजिम पहले भी गौकशी और गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है।

एसपी सिटी ने प्रेस वार्ता में कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले में अतिरिक्त फोर्स तैनात है और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।———–