राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के उज्जैन महानगर प्रचार प्रमुख ओजस व्यास ने बताया कि महानगर में सात नगर हैं। इन सात अलग-अलग नगर से स्वयंसेवक निर्धारित मार्गों से अनुशासनबद्ध संचलन करते हुए शहरवासियों को एकता, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का संदेश देंगे। सात नगरों से निकलने वाले ऐतिहासिक संचलन में लगभग 20 हजार स्वयंसेवकों के शामिल होने का अनुमान है। प्रत्येक नगर से तीन हजार के लगभग स्वयंसेवक संचलन में निकलेंगे। सभी स्थानों से संचलन के निकलने का समय सायं चार बजे रहेगा।
संचलन के पूर्व संघ के वरिष्ठ अधिकारी स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और पेशेवर क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्ति कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। संघ शताब्दी वर्ष पर निकलने वाले पथ संचलन को लेकर स्वयंसेवकों और शहरवासियों में उत्साह का वातावरण है।
प्रत्येक नगर का अलग संचलन मार्ग
केशव नगर: केशव नगर का संचलन देवास गेट स्थित पुराना माधव कॉलेज मैदान से प्रारंभ होकर मालीपुरा, दौलतगंज, महाकाल चौराहा, गुदरी,गोपाल मंदिर, छत्री चौक, बड़ा सराफा, सतीगेट, नई सडक़ और आर्य समाज मार्ग से होते हुए पुन: माधव कॉलेज पहुंचेगा। संचलन कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पं. अमर डब्बावाला करेंगे। स्वयं सेवकों को उद्बोधन मध्य क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र संघचालक अशोक सोहनी देंगे।
विक्रमादित्य नगर: विक्रमादित्य नगर का संचलन क्षीरसागर मैदान से घाटी,नई सडक़, तेलीवाड़ा, गीता कॉलोनी, बियाबानी चौराहा, मेट्रो टॉकीज मार्ग से पुन: क्षीरसागर मैदान पहुंचेगा। आदिवासी माझी समाज के अध्यक्ष राकेश वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। अखिल भारतीय सह संयोजक, ग्राम विकास शम्भू प्रसाद गिरी स्वयंसेवकों को उद्बोधन देंगे।
मधुकर नगर: मधुकर नगर का संचलन पीपलीनाका चौराहे के समीप गुमानदेव मैदान से शुरू होकर जाट धर्मशाला, गांधी नगर, फल मंडी, पिपलिनाका होते हुए पुन: गुमानदेव मैदान पहुंचेगा। अ.भा.संत समिति के अध्यक्ष निर्वाणी अखाड़ा के महंत विशाल दास महाराज अध्यक्षता करेंगे। प्रांत कार्यकारिणी निमंत्रित सदस्य गोपाल देराड़ी स्वयंसेवकों को उद्बोधन देंगे।
सुदर्शन नगर: सुदर्शन नगर का पथ संचलन सेंट पॉल स्कूल के सामने वाले मैदान से प्रारंभ होकर आगर रोड, 5 नम्बर नाका, बापू नगर, कानीपुरा रोड, मक्सी रोड से होता हुआ वापस सेंट पॉल स्कूल पहुंचेगा। व्यवसायी अवतार सिंह अरोरा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्रांत धर्म जागरण संयोजक विक्रम रघुवंशी स्वयंसेवकों को उद्बोधन देंगे।
माधव नगर: माधव नगर का पथ संचलन दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर सुराना पैलेस, सेठी नगर, लक्ष्मी नगर, अशोक नगर, सांदीपनि चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम, लिनन शोरूम से होते हुए पुन: दशहरा मैदान पहुंचेगा। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स,उज्जैन शाखा के अध्यक्ष सह अंकेक्षक अकृत जैन अध्यक्षता करेंगे। गिरीशजी, इंदौर स्वयंसेवकों को उद्बोधन देंगे।
राजेंद्र नगर: राजेन्द्र नगर का पथ संचलन शास्त्री नगर मैदान से प्रारंभ होकर शांति नगर, न्यू इंदिरा नगर, सिंधी कॉलोनी होते हुए पुन: मैदान पहुंचेगा। डॉ.ऋद्धि खण्डेलवाल अध्यक्षता करेंगी। प्रांत संयोजक सद्भाव कार्य दिनेश गुप्ता स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे।
कालिदास नगर: कालिदास नगर का पथ संचलन श्रीगुरुजी खेल प्रशाल खेल एरीना, महानंदानगर से प्रारंभ होकर महानंदा नगर कॉम्प्लेक्स, अलकनंदा नगर, जवाहर नगर और कॉस्मास मॉल मार्ग से होता हुआ पुन: खेल प्रशाल पहुंचेगा। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी डॉ. रमन सिंह सिकरवार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्रांत सह संयोजक घुमंतू कार्य चेनराम जैन प्रांत स्वयंसेवकों को उद्बोधन देंगे।