राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाचार्य मेजर डॉ. देवेंद्र सिंह का निधन

Share

मुरादाबाद के बुद्धि विहार निवासी डा. देवेंद्र सिंह मूल रूप से पपसरा जिला अमरोहा के रहने वाले थे। 24 दिसम्बर, 1950 को जन्मे देवेंद्र सिंह परास्नातक की पढ़ाई के लिए मुरादाबाद आए थे और यहां से एमए और पीएचडी की डिग्री हासिल की। 1975 में कृषक उपकारक इंटर कॉलेज सदरपुर मतलबपुर में शिक्षक के रूप में सेवाएं देनी शुरू कीं। 1980 से 1996 तक भूगोल प्रवक्ता के पद पर मदनस्वरूप इंटर कॉलेज हरियाना मुरादाबाद में तैनात रहे। 1996 में आयोग की ओर से उन्हें चित्रगुप्त इंटर कालेज मुरादाबाद का प्रधानाचार्य बनाया गया।

शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 2010 में राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने राष्ट्रपति पुरस्कार से भी नवाजा था। मेजर डॉ देवेंद्र सिंह माध्यमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ नेता थे। कुछ वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उनकी विवाहित बेटी डॉ. नीलाक्षी सिंह कनाडा रहती है। पिता के निधन का समाचार मिलते ही वह कनाडा से मुरादाबाद के लिए फ्लाइट से निकल चुकीं हैं।