भोपाल, 1 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा सहित कैबिनेट मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी (दशहरा), महात्मा गांधी जयंती और भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अपने संदेश में कहा है कि विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में नैतिकता, सदाचार और सत्यनिष्ठा को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सुख-समृद्धि लेकर आए।
गांधी जी का सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश आज भी कर रहा है पथ-प्रदर्शन
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश आज भी समाज का पथ-प्रदर्शन कर रहा है। स्वच्छता, ग्रामोदय और आत्मनिर्भरता के उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का सूत्र
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश को आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है। उनका सादा जीवन और उच्च विचार हम सबके लिए अनुकरणीय हैं।
सत्य की विजय का उत्सव धूमधाम से मनाए : उप मुख्यमंत्री देवड़ा
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने विजयादशमी पर नागरिकों को बधाई एवं शुभकामकाएं दी है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने अपने संदेश में कहा है कि विजयादशमी का पर्व हमें शिक्षा देता है कि असत्य और अधर्म चाहे कितना भी प्रबल क्यों न हो, धर्म और सत्य की विजय निश्चित है। विजयादशमी का पर्व हमें शक्ति, साहस और धर्म के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि भगवान श्रीराम के महान आदर्शों पर चलकर ही भारत राष्ट्र महान बन सकेगा और पूरे विश्व में सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि विजयादशमी भारत को महान राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराने का भी अवसर है।
मंत्रियों ने दी प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर शुभकामनाएं
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर शुभकामनाएँ दी हैं। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा है कि असत्य पर सत्य की जीत का पर्व हम सबको सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मंत्री सिंह ने अपने संदेश में कहा है कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमे सत्य और धर्म का अनुसरण करने का संदेश देता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से विजयादशमी का पर्व सद्भावना और सौहार्दपूर्ण मनाये जाने की अपील की है।