टेका चौधरी ने गुड्डू पांडेय के घर पर की फायरिंग, इलाके में दहशत

Share

मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ सोमवार को तड़के गोलियों की आवाज से गूंज उठा। सुबह करीब पांच बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में कुख्यात बदमाश गुड्डू पांडेय के घर पर चार राउंड फायरिंग की। हमलावरों में शामिल आस्था स्पेस टाउन निवासी टेका चौधरी पर आरोप है कि उसने पहले घर की कॉल बेल बजाई, गाली-गलौज की, फिर पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फुटेज के मुताबिक, गोलीबारी के वक्त कई लोग मॉर्निंग वॉक पर थे। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में अपने घरों में दुबक गए। बताया जा रहा है कि टेका चौधरी ने गुस्से में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी निशाना बनाया। गोली चलने की आवाज सुनते ही गुड्डू पांडेय के परिजन पिछवाड़े के रास्ते किसी तरह घर से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे।

बताया जाता है कि गुड्डू पांडेय उस समय घर पर नहीं था, क्योंकि जिला प्रशासन ने उसे पहले ही तड़ीपार किया हुआ है। घटना के बाद पीड़ित के पिता बिजेंद्र पांडेय ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने टेका चौधरी, उसके भाई और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को नामजद आरोपित बनाया है।

घटना की जानकारी के बावजूद पुलिस करीब ढाई घंटे देर से सुबह साढ़े सात बजे मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया और सीसीटीवी फुटेज जब्त किया, जिसमें टेका चौधरी और उसका साथी साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपित के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार बताया जा रहा है।

डीएसपी भोला प्रसाद ने प्रेस को बताया कि यह हमला पुराने विवाद का नतीजा हो सकता है। बताया जाता है कि करीब एक साल पहले गुड्डू पांडेय ने टेका चौधरी की पिटाई की थी, जिसके बदले में यह फायरिंग की गई। टेका चौधरी अमरनाथ सिंह हत्याकांड का आरोपित रह चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है।

गुड्डू पांडेय का नाम भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वह परमजीत सिंह गिरोह से जुड़ा बताया जाता है और उसके खिलाफ रंगदारी, फायरिंग और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। अप्रैल 2024 में भी उसके घर पर सिंटू सिंह गिरोह ने करीब 15 राउंड गोली चलाई थी। अब डेढ़ साल बाद एक बार फिर गोलियों की गूंज से संजय पथ दहल उठा है।