मुख्यमंत्री ने जापान के वर्ल्ड एक्सपो में किया हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन

Share

चंडीगढ़, 07 अक्टूबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जापान के ओसाका में चल रहे वर्ल्ड एक्सपो-2025 में आज हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के समग्र विकास में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है। नायब ने कहा कि हरियाणा देश के क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत और जनसंख्या का 2.09 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री नायब ने कहा कि हरियाणा उद्योगों को लॉजिस्टिक सुविधा देने में देश में दूसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है। विश्व की 400 फॉर्चून कंपनियों के कार्यालय हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की सडक़ों पर दौडऩे वाली हर दूसरी कार हरियाणा में बनती है। देश के 52 प्रतिशत ट्रैक्टरों का निर्माण भी यहीं पर होता है। केन्द्रीय खाद्यान्न भण्डार में योगदान देने में हरियाणा का दूसरा स्थान है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आशाओं और अवसरों की धरा है।

उन्होंने कहा कि गत 11 वर्षों में प्रदेश में 7 लाख 66 हजार सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग लगे हैं तथा इनमें 39 लाख लोगों को रोजगार मिला है। आज हरियाणा भारत में स्टार्टअप की संख्या में 7वें बड़े राज्य के रूप में उभरा है। वर्तमान में, हरियाणा में 9 हजार 500 मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं। प्रदेश में स्टार्टअप्स की संख्या को तीन गुणा करने का लक्ष्य रखा है। हाल ही में, 22 स्टार्टअप्स को 1 करोड़ 14 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये का ‘फंड ऑफ फंड्स’ भी स्थापित करने जा रहे हैं।