मोस्ट वांटेड गैंगस्टर सुनील सरधानिया अमेरिका से डिपोर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Share

गुरुग्राम, 26 अक्टूबर । हरियाणा के गुरुग्राम पुलिस और एसटीएफ ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर सुनील सरधानिया को अमेरिका से डिपोर्ट करवाकर रविवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया। सुनील पर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग, हत्या और कई संगीन अपराधों के आरोप हैं। सुनील सरधानिया को भारत लाने के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और हरियाणा एसटीएफ तैनात रही। फ्लाइट से उतरने के करीब छह घंटे तक इमिग्रेशन और दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया चली। जांच पूरी होने के बाद गैंगस्टर सुनील सरधानिया को एसटीएफ ने अपनी हिरासत में ले लिया। सरधानिया लंबे समय से फरार था। पुलिस के अनुसार, वह स्विट्जरलैंड और अमेरिका के बीच घूमता रहता था। वहीं से ही वह भारत में अपने गिरोह को संचालित कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इंडियन एंबेसी ने उसे ट्रैक किया। आखिरकार अमेरिका में वीजा उल्लंघन के आरोप में डिपोर्ट प्रक्रिया शुरू हुई। गुरुग्राम एसटीएफ और साइबर सेल ने डार्क वेब और सोशल मीडिया के जरिए उसके लोकेशन का पता लगाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुनील का गिरोह हिमांशु भाऊ जैसे बड़े सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है।

तीन महीने पहले सिंगर फाजिलपुरिया पर हुई थी फायरिंग

उल्लेखनीय है कि तीन महीने पहले जुलाई 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-71 में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग हुई थी। इसमें सुनील का नाम प्रमुखता से सामने आया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उसने खुद जिम्मेदारी ली थी। वीडियो में सुनील ने दावा किया कि फाजिलपुरिया ने उसके पार्टनर दीपक नांदल को पांच करोड़ रुपये का चूना लगाया। दीपक ने फाजिलपुरिया को सेलिब्रिटी बनाने के लिए भारी निवेश किया था, लेकिन प्रसिद्धि मिलते ही सिंगर ने संपर्क तोड़ लिया।

दीपक शौकीन हत्याकांड में भी नाम आया

सुनील सरधानिया ने चेतावनी दी थी कि अगर पैसे न लौटाए गए तो फाजिलपुरिया के परिवार और सहयोगियों को निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद फाजिलपुरिया के घर से कुछ मीटर दूरी पर फाजिलपुरिया के जानकार प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या (अगस्त 2025) में भी मुख्य आरोपित है। शौकीन फाजिलपुरिया का करीबी था। सुनील ने इसकी भी जिम्मेदारी ली थी।

—-