दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने ‘जल संगम से जन संगम’ अभियान का किया शुभारंभ

Share

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को सोनिया विहार यमुना घाट पर “जल संगम से जन संगम–एकता के उत्सव” का शुभारंभ किया। इसमें दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के छात्रों और शिक्षकों सहित 150 स्वयंसेवकों ने पवित्र यमुना का जल एकत्र किया। यह एकत्रित यमुना जल देशभर की 25 सांस्कृतिक रूप से महत्त्वपूर्ण नदियों (कश्मीर से कन्याकुमारी तक) प्रवाहित किया जाएगा जो राष्ट्रीय एकता और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। इसके पश्चात उन नदियों से लाया गया पवित्र जल दिल्ली वापस लाया जाएगा जहां 31 अक्तूबर 2025 को पटेल चौक स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर जल अभिषेक समारोह आयोजित किया जाएगा जो इस ऐतिहासिक अभियान का समापन दिवस होगा।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि जब भारत आजाद हुआ तब 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर सरदार पटेल ने जो कार्य किया, वही राजनीतिक इच्छाशक्ति आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दिखाई है। अनुच्छेद 370 को हटाकर भारत के भूगोल और हृदय दोनों को एक कर दिया है।

सूद ने आगे कहा कि जिस ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना सरदार पटेल ने देखा था, वही आज प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत @2047” के रूप में जीवंत हो रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में दिल्ली को ‘मिनी इंडिया’ कहा था और आज का यह कार्यक्रम इस विविधता और एकता का जीवंत उदाहरण है।

सूद ने कहा कि हमारे विद्यार्थी केवल किताबें नहीं पढ़ रहे वे राष्ट्र निर्माण की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के विद्यालय इस एकता यात्रा के वाहक बने हैं, यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद सहित उपस्थित सभी अधिकारियों और विद्यार्थियों ने मां यमुना आरती में भाग लेकर नदी शुद्धि और राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया।