मंत्री रविंद्र इंद्राज ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मॉडल घाटों और सांस्कृतिक आयोजनों से दिल्ली में नई परम्परा की शुरुआत हो रही है। पूरी दिल्ली अब तक के सबसे भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के भव्य आयोजन के बाद अब छठ महापर्व का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में उपेक्षा का शिकार रहे छठ घाटों का कायाकल्प किया जा रहा है। छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस वर्ष व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य स्वागत द्वारों पर पुष्पवर्षा की तैयारी है। पिछले वर्ष जहां करीब 900 घाटों पर पूजा हुई थी, इस वर्ष यमुना तट के अलावा दिल्ली में करीब 1300 अन्य स्थलों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। यमुना तट पर 17 भव्य मॉडल घाट होंगे वहीँ दिल्ली में हर सब डिवीजन के स्तर पर भी मॉडल छठ घाट तैयार किया जा रहा है। करीब 200 घाटों पर भोजपुरी और मैथिली में धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सभी घाटों पर टेंट, बिजली, स्वच्छता, पेयजल, मोबाइल शौचालय, सफाईकर्मी और चिकित्सा वैन की व्यवस्था की जा रही है।
मंत्री रविंद्र इंद्राज ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में यमुना किनारे छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा था और पूजा करने वालों के खिलाफ मुकदमे होते थे। अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने प्रतिबंध भी हटाया और मुकदमे वापस लेने की घोषणा भी की। दिल्ली सरकार ने समय रहते सफाई अभियान, डिसिल्टिंग कार्य और घाट निर्माण का कार्य प्रारंभ किया ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके। उन्होंने आग्रह किया कि छठ पर्व स्वच्छता, संस्कृति और सुशासन का प्रतीक बने, इस उद्देश्य को पूरा करने में सभी राजधानी वासी सहयोग करें।