भोपालगढ़ डीएसपी भूराराम खिलेरी एपीओ

Share

जोधपुर, 22 अक्टूबर । जिले के भोपालगढ़ में भाजपा के मंडल महामंत्री हेमंत शर्मा के साथ पुलिस द्वारा मारपीट कर डिटेन करने के मामले में राज्य सरकार ने भोपालगढ़ वृत्ताधिकारी भूराराम खिलेरी को एपीओ कर दिया है। इस दौरान उनका मुख्यालय जयपुर में रखा गया है। इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को पहले ही लाइन हाजिर किया जा चुका है। इसके साथ ही भजनलाल सरकार ने अधिकारियों को सख्त संदेश दिया है कि यदि पार्टी के पदाधिकारी या कार्यकर्ता को बिना कारण परेशान किया गया तो सरकार बख्शेगी नहीं।

भाजपा जोधपुर देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने बताया कि कुछ दिनों पहले भोपालगढ़ मंडल के महामंत्री हेमंत शर्मा द्वारा फेसबुक पर पुलिस को लेकर कुछ टिप्पणियां की थी। इस पर पुलिस ने शुक्रवार रात को उन्हें घर से उठाया और थाने में मारपीट की। इसको लेकर एतराज जताया गया था। पहले एएसआई गोविंदराम और हैड कांस्टेबल दिलीप को हटाया गया था। पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री तक की गई और डिप्टी एसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने उन्हें एपीओ कर दिया।

मंगलवार शाम को जैसे ही डीजीपी कार्यालय से डीएसपी खिलेरी को एपीओ करने का आदेश जारी हुआ भाजपा युवा कार्यकर्ता सडक़ों पर उतर आए। भाजपा नेताओं ने पटाखे फोड़े, नारेबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह फैसला उनकी शिकायतों और लंबे समय से चल रहे संघर्ष का नतीजा है।

इस घटना को लेकर जिलाध्यक्ष भाटी शनिवार को अपनी कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ भोपालगढ़ थाने गए थे। उन्होंने वहां गहरी नाराजगी जताई और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वह यह बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। भाटी की नाराजगी को देखते हुए एसपी नारायण टोगस ने एडिशनल एसपी भोपाल सिंह को थाने में भेजा था। वहां भाटी ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद दो पुलिस कर्मियों को थाने से हटाया गया। भाजपा नेताओं ने डिप्टी एसपी पर आरोप लगाया था कि वह उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं।