एएसआई तेजराम ने बताया कि शास्त्री नगर के पानी पेच इलाके में शुभ आइस फैक्ट्री में यह हादसा हुआ था। जहां अमोनिया गैस के स्टोरेज सिस्टम का एक पाइप लीक हो गया। इससे गैस रिसाव हो गया। इसके बाद हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और फायर स्टेशन पर सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां पहुंची हैं। दमकलकर्मियों ने गैस सप्लाई से जुड़ा मुख्य वॉल्व बंद कर हालात पर काबू पाया। फिलहाल इस घटना में जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं है।
गैस लीक की खबर मिलते ही फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूरों को तुरंत बाहर निकाला गया। फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से खाली करा लिया गया है। गैस की बदबू आस-पास के घरों तक फैल गई। बनीपार्क जैसे घने आबादी वाले और पॉश इलाके में गैस रिसाव की खबर सुनते ही आस-पास रहने वाले लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।