एशिया कप हॉकी 2025 : नवनीत कौर ने पूरे किए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच

Share

नवनीत ने 2014 में सीनियर डेब्यू किया था। इससे पहले उन्होंने जूनियर महिला हॉकी विश्व कप 2013 में भारत को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद से वह लगातार भारतीय टीम की भरोसेमंद खिलाड़ी बनी रहीं। इनके नाम कई उपलब्धियां जुड़ी हैं, जिनमें प्रमुख हैं-

– टोक्यो ओलंपिक 2020 में टीम की ऐतिहासिक चौथे स्थान की उपलब्धि में शामिल होना।

– कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (बर्मिंघम) में कांस्य पदक जीतने वाली टीम की सदस्य रहीं।

– एशियाई खेलों में 2018 (जकार्ता) में रजत और 2022 (हांगझोउ) में कांस्य पदक जीता।

– 2017 एशिया कप (काकामिगाहारा) में स्वर्ण पदक, 2022 (मस्कट) में कांस्य पदक जीता।

– एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2018 (डोंगहे) में रजत और 2023 (रांची) व 2024 (राजगीर) में लगातार दो स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं।

अपने 200वें मैच पर नवनीत कौर ने कहा, “यह मेरे करियर का बेहद खास पल है। 2014 में डेब्यू के बाद यह सफर शानदार रहा है। हर टूर्नामेंट ने मुझे कुछ नया सिखाया है। परिवार, साथी खिलाड़ियों, कोच और प्रशंसकों के समर्थन के लिए मैं आभारी हूं। इंडिया की जर्सी पहनना हमेशा गर्व की बात है। मैं आगे भी अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी और चाहूंगी कि ज्यादा से ज्यादा लड़कियां हॉकी को अपनाएं।”

हॉकी इंडिया अध्यक्ष डॉ दिलीप तिर्की ने नवनी को विशेष उपलब्धि पर बधाई दी और कहा, “भारत के लिए 200 मैच खेलना उत्कृष्टता और धैर्य का प्रतीक है। नवनीत ने कई अहम मौकों पर गोल किए और युवा खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल बनीं। हमें उनकी उपलब्धि पर गर्व है।”

वहीं, हॉकी इंडिया के सचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि नवनीत कौर की यात्रा हर उस लड़की के लिए प्रेरणा है, जो भारत के लिए हॉकी खेलने का सपना देखती है। 200 मैच पूरे करना उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।