गुरुग्राम, 28 सितंबर । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा को विकास के मार्ग पर अग्रणी बनाने में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। उनके बल पर ही प्रदेश आज देश में सबसे तेजी से प्रगति करने वाला राज्य बन गया है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में भी श्रमिकों की अहम भूमिका रहेगी। सीएम रविवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह में बोल रहे थे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह की अध्यक्षता हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने की। कार्यक्रम का हरियाणा के सभी जिलों में लाइव प्रसारण भी किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों ने स्वास्थ्य जांच शिविर का भी अवलोकन किया। सीएम नायब सिंह सैनी ने श्रमिकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि हरियाणवी संस्कृति में श्रमिकों को हमेशा सम्मान मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि भारत के श्रमिकों की शक्ति अमृतकाल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगी। हरियाणा की प्रगति की हर ईंट श्रमिकों की मेहनत और समर्पण से जुड़ी है। उनकी गरिमा के माध्यम से ही सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
हरियाणा की तरक्की में श्रमिकों का अतुलनीय योगदान: राव इंद्रजीत सिंह
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने समारोह में कहा कि हरियाणा की प्रगति और विकास में सबसे बड़ा योगदान उसके मेहनतकश किसान, मजदूर और श्रमिकों का है। उन्होंने विशेष रूप से गुरुग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में यह शहर छोटे म्युनिसिपल क्षेत्र से विकसित होकर आधुनिक और वैश्विक मानकों के अनुरूप शहर बन गया है। श्रमिक वर्ग के बिना प्रदेश की औद्योगिक और सेवा क्षेत्र की उपलब्धियां संभव नहीं होती। यह श्रमिक ही हैं, जो दूर-दराज से आकर हरियाणा को चार चांद लगा रहे हैं और उद्योगों के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्धि में श्रमिकों का योगदान केवल आर्थिक नहीं बल्कि सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भी अतुलनीय है।
प्रदेश विकसित राष्ट्र– विकसित हरियाणा बनने की दिशा में अग्रसर: अनिल विज
समारोह की अध्यक्षता कर रहे श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज का दिन हरियाणा की वास्तविक प्रगति और विकास का प्रतीक है। पूरे प्रदेश में कर्मचारियों और उद्यमियों का सम्मान किया जा रहा है। 1966 में हरियाणा के गठन के समय किसी ने सोचा नहीं था कि यह प्रदेश देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाएगा। किसानों, कर्मचारियों और उद्यमियों की मेहनत से आज हरियाणा देश में सम्मान के साथ जाना जाता है। अनिल विज ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में श्रमिक और कर्मचारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पण और मेहनत से ही उद्योग, निर्माण और उत्पादन के क्षेत्र में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने श्रमिकों के योगदान को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही विकसित भारत की संकल्प यात्रा सफल होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने तकनीकी और उत्पादन क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है।