नेहा महतो झारखंड ओलंपिक संघ की उपाध्यक्ष मनोनीत

Share

झारखंड ओलंपिक संघ के सेक्रेटरी जनरल मधुकांत पाठक ने गुरुवार को बताया कि अध्यक्ष आरके आनंद ने नेहा महतो को वरीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। पूर्व में 2015 में नेहा महतो के नेतृत्व में बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी को खेल और बाल कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के हाथों राष्ट्रीय बाल कल्याण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

यह सम्मान अकादमी को खिलाड़ियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए कार्यों के लिए दिया गया था।

मधुकांत पाठक ने नेहा महतो को पत्र लिख कर सूचित किया है कि झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद ने उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों, खेल के क्षेत्र में विशेष योगदान और बाल कल्याण के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय भूमिका के लिए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

पत्र में कहा गया है कि नेहा महतो ने झारखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों सहित पूरे राज्य में तीरंदाजी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इस नई भूमिका से न केवल तीरंदाजी, बल्कि अन्य खेल विधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा और झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर होगा।

उल्‍लेखनीय है कि नेता महतो आजसू के अध्‍यक्ष सुदेश महतो की पत्‍नी हैं।