स्टेट बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को जानकारी दी कि अप्रैल-जून की तिमाही में उसकी कुल आय भी बढ़कर 1,35,342 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,22,688 करोड़ रुपये थी। बैंक की अर्जित ब्याज आय बढ़कर 1,17,996 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 1,11,526 करोड़ रुपये थी।
बैंक के मुताबिक परिचालन लाभ भी सालाना आधार पर 26,449 करोड़ रुपये से बढ़कर 30,544 करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ ही जून तिमाही के अंत में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर 1.83 प्रतिशत रह गईं, जो एक साल पहले 2.21 प्रतिशत थी। इसी प्रकार शुद्ध एनपीए यानी खराब ऋण भी सालाना आधार पर 0.57 फीसदी से घटकर 0.47 प्रतिशत रह गया है।