मानकी, मुण्डा और प्रधान के पदों पर हुई पांच लोगों की नियुक्ति

Share

जारी आदेश के अनुसार, सोमनाथ सुरीन को मनोरहपुर अंचल के मौजा हाकागुई, थाना संख्या 84, सारंडा पीढ़ का मानकी नियुक्त किया गया है। मुण्डा पद पर भगवान केराई को नोआमुंडी अंचल के मौजा राईका, थाना संख्या 760; बिरसिंह पुरती को जगन्नाथपुर अंचल के मौजा डांगुवापोसी, थाना संख्या 508 और प्रेमचंद हपदगढ़ा को बंदगांव अंचल के मौजा हुवांगडीह, थाना संख्या 298 का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, शान्तनु कुमार प्रधान को गोईलकेरा अंचल के मौजा सिपुआ, थाना संख्या 563 का प्रधान नियुक्त किया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियां विशेष शर्तों के अधीन होंगी। यदि कोई भी व्यक्ति रैयत के हित में कार्य नहीं करता है और उन्हें नुकसान पहुंचाता है, खराब आचरण करता है, हुकूकनामा की शर्तों का उल्लंघन करता है, एक वर्ष तक मालगुजारी जमा नहीं करता, गांव में निवास नहीं करता तो उसे पद से हटाया जा सकता है।

बर्खास्तगी की प्रक्रिया के लिए कोई भी सरकारी पदाधिकारी या रैयत, उपायुक्त के न्यायालय में शिकायत दर्ज करा सकता है। आदेश में यह भी उल्लेख है कि यदि कोई मुण्डा या मानकी पद से बर्खास्त होता है, तो उसके किसी भी वारिस को भविष्य में उस पद पर बहाल होने का अधिकार नहीं होगा।