जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वेदांश (13) पुत्र अरविंद सिंह झाला निवासी कराड़िया परी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वेदांश शनिवार शाम करीब 7 बजे घर पर गणेश जी की आरती में शामिल होने के बाद गांव के ही दूसरे पंडाल में गया था। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसे ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। खोजबीन के बाद देर रात तकरीबन 11 बजे ग्रामीणों को उसका शव हार्वेस्टर के नीचे पड़ा मिला। उसके चेहरे पर भी धारदार हथियार से वार के निशान थे। शव मिलने की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे, थाना प्रभारी आशीष राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। बाद में एएसपी देवास सिटी जयवीर सिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को लेकर जांच कर रही है। बालक वेदांश कक्षा सातवीं में पढ़ता था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है घटना के बाद स्वजन सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे ने बताया कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।