डॉ. ओम राज शर्मा ने मुख्य अतिथि और उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत की। मुख्य अतिथि खेम चंद शर्मा, महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा, सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा, पेंशन वैलफेयर संस्था, जिला मंडी के अध्यक्ष हरीश शर्मा और अनिल सेन, धर्म संघ के प्रधान भीम चंद सरोच से दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद हरीश वैद्य ने पिछले तीन वर्षों में धर्म संघ की गतिविधियों से सदन को अवगत कराया और धर्म संघ के वर्तमान संविधान में संशोधन का सुझाव देने के लिए गठित समिति की अनुशंसा से आम सदन को अवगत कराया।
अनुशंसा का मुख्य उद्देश्य वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार कार्यकारिणी के विस्तार का सुझाव देना था। संविधान संशोधन समिति द्वारा प्रस्तुत किए गए सभी संशोधनों का सदन ने भारी ध्वनि मत से अनुमोदन किया। उसके उपरांत कोषाध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा ने पिछले तीन वर्षों के लिए संगठन की वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। सदन ने ध्वनि मत से वित्तीय रिपोर्ट पारित की। जिला पेंशनर्स वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश शर्मा ने सदन को संबोधित किया।
धर्म संघ के अध्यक्ष पद के लिए डॉ. ओम राज शर्मा ने भीम चंद सरोच का नाम प्रस्तावित किया और हरीश वैद्य, ज्ञान चंद सैनी एवं मुरारी लाल शर्मा ने उनके नाम का अनुमोदन किया। आम सभा के अधिकांश सदस्यों ने उनके नाम का समर्थन किया। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने भीम चंद सरोच को आगामी तीन वर्षों के लिए धर्म संघ का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। उन्हें अगले दस दिनों में धर्म संघ की कार्यकारिणी गठित करने के लिए अधिकृत किया।