हमीरपुर के 5 पुलिस कर्मचारियों को मिले गृह मंत्रालय के उत्कृष्ट सेवा पदक

Share

इस अवसर पर सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि हमीरपुर जैसे छोटे से जिले के पांच पुलिस कर्मचारियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय का प्रतिष्ठित पदक मिलना एक गौरव का विषय है। इससे सभी पुलिस कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में जोश, उच्च कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। जिला में पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि दिन-रात सेवाएं दे रहे पुलिस कर्मचारियों के कल्याण तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए एसपी भगत सिंह ठाकुर ने कई सराहनीय कदम उठाए हैं। इनमें पुलिस कर्मचारियों के लिए कैंटीन, खेलकूद और अन्य सुविधाएं तथा सैलरी अकाउंट को बीमा योजनाओं से लिंक करना शामिल है।

इससे पहले, उपायुक्त, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, सभी पदक विजेताओं एवं उनके परिजनों का स्वागत करते हुए एसपी भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में अधिकारियों और कर्मचारियों का मूल्यांकन बहुत ही सुनियोजित, पारदर्शी और सटीक प्रणाली के साथ किया जाता है। कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने तथा अन्य कर्मचारियों को प्रेरित करने के लिए ही गृह मंत्रालय ने 2019-20 से उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान करने की योजना आरंभ की है। पहली बार में ही जिला हमीरपुर के 5 कर्मचारियों को यह पदक मिला है। पांचों पदक विजेताओं की सेवाओं की सराहना करते हुए एसपी ने कहा कि इन सभी ने अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है तथा ये अन्य पुलिस कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।