नगर निगम द्वारा स्वच्छ शहर बनाने कई प्रयोग किए जा रहे हैं। वार्डों एवं मुख्य स्थलों में सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया है। लेकिन निगम की उदासीनता के चलते कुछ वार्ड के शौचालय में व्याप्त समस्या दूर नहीं हो पा रही है। कुछ इसी तरह की समस्या से रामपुर व गोकुलपुर वार्डवासी इन दिनों जूझ रहे हैं। वार्ड के अशोक डागा, परसूराम ध्रुव, नकुल यादव, रुपेश, श्याम यादव, श्याम हिरवानी ने बताया कि वार्ड में सार्वजनिक सुलभ शौचालय है। इसका उपयोग दोनों वार्ड के लोग करते हैं। उक्त सुलभ शौचालय में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग- अलग प्रसाधन है। साथ ही यहां नहाने की भी व्यवस्था है। इसलिए उसका उपयोग ज्यादातर लोग करते है। यहां लगे बोर का जलस्तर नीचे चले जाने से मार्च माह में ही जवाब दे दिया है। इस प्रकार पानी के अभाव में शौचालय में पिछले चार माह से ताला लटक रहा है। पानी की समुचित व्यवस्था बनाने की मांग लोगों ने निगम से की है।
रामपुर वार्ड पार्षद प्रकाश सिन्हा का कहना है कि, सार्वजनिक शौचालय का पानी अभाव में उपयोग बंद है। इस समस्या से निगम को अवगत कराया गया है। लेकिन आज तक इस ओर कोई ठोस पहल नहीं किया गया है। इससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।