हेमंत सरकार की नाकामियों को विधानसभा सत्र में बनाएंगे मुद्दा : सुदेश महतो

Share

सुदेश महतो ने कहा कि आगामी झारखंड विधानसभा सत्र में उनकी पार्टी हेमंत सरकार की नाकामियों को मुद्दा बनाएगी। झामुमो–कांग्रेस ने जनता को दिग्भ्रमित कर दूसरी बार सरकार बनाई है, लेकिन मंत्रियों को जनमुद्दों की फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि आजसू ने हेमंत सरकार को अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए छह माह का समय दिया था, लेकिन नौ माह बीत जाने के बाद भी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस की सरकार, जनता के हितों की रक्षा में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, माफिया और आपराधिक गिरोहों का दबदबा कायम है। कोयला, बालू, गिट्टी की तस्करी खुलेआम हो रही है। चुनाव जीतने के लिए झामुमो ने मईयां योजना का इस्तेमाल किया, लेकिन अब छह लाख महिलाओं का नाम क्यों काटा जा रहा है? इसके लिए सरकार को जवाब देना होगा।

झामुमो–कांग्रेस से कई कार्यकर्ता आजसू में हुए शामिल

मिलन समारोह के दौरान झामुमो और कांग्रेस को छोड़ कर कई कार्यकर्ता आजसू पार्टी में शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत पट्टा और माला पहना कर किया। पार्टी में सदमा पंचायत, ओरमांझी के पूर्व मुखिया हरिलाल मुंडा, अमित टोप्पो, मोतीलाल टोप्पो, कांके क्षेत्र के मो. वसीम, मो. शाहबाज, रवींद्र नाथ चटर्जी, मकसूद खान, इकबाल आलम, रिजवान, राज, ओम प्रकाश साव, शाहिद, रितेश कुमार, बबलू मंसूरी, मुकेश कुजूर, अहमद अली, शाहिद अहमद और सलाउद्दीन सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।