झांसी : नाले में मिली युवक की लाश, सनसनी
युवक करता था कबाड़ का काम,शराब पीने का था आदी
झांसी, 7 जुलाई (हि.स.)। थाना व कस्बा मोंठ की टीकाराम वाली गली में सोमवार सुबह एक युवक की लाश नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। उसके हाथ पर गायत्री नाम लिखा था। इसके जरिए युवक की पहचान हो गई। वह परिवार के साथ घटना स्थल से कुछ ही दूर रहता था। दो दिन पहले भी वह नाले में गिर गया था। पुलिस फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल में जुटी है। हालांकि अभी तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मृतक की पहचान आकाश कुशवाहा (24) पुत्र रामसेवक के रूप में हुई है। वह चिरगांव का रहने वाला था और पिछले करीब 3 साल से मोंठ में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि आकाश कबाड़ का काम करता था। सोमवार सुबह टीकाराम वाली गली में नाले के अंदर उसका शव मिला। उसके मुंह पानी में डूबा हुआ था। लोगों ने लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले भी गिरा था नाले में
पिता रामसेवक ने बताया कि आकाश शराब पीने का आदी था। दो दिन पहले भी वह नाले में गिर गया था। तब पुलिस ने ही उसको अस्पताल में एडमिट करवाया था। रविवार रात को वह घर नहीं आया तो चिंता हुई। सुबह पता चला कि उसकी लाश नाले में मिली है। आकाश कुशवाहा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह अविवाहित था।
मोंठ थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। देर रात उसे नाले के पास ही शराब के नशे में झूमते हुए देखा गया था। सुबह उसका शव नाले में पड़ा मिला है। शिनाख्त के बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
—————