झांसी, 28 जुलाई । रक्सा थानांतर्गत ग्राम पुनावली में देर रात घर में सो रहे पिता पुत्र को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती पिता पुत्र का उपचार चल रहा है। लेकिन दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली कला गांव का रहने वाला सुरेंद्र राजपूत 30 पुत्र वीर सिंह अपनी पत्नी सविता 28 और दो बेटे 10 वर्ष के आंशिक दूसरे नंबर का बेटा मयंक उम्र 3 के साथ घर पर सो रहा था। रविवार की रात्रि में बारिश अधिक होने से बिजली चली गई थी। जिसकी वजह से गर्मी लगने के कारण सुरेंद्र राजपूत घर के दरवाजे खोलकर सो गया। सुरेंद्र राजपूत और उसका बड़ा लडका आंशिक एक चारपाई पर लेट गए। पत्नी सविता और छोटा लड़का मयंक दोनों एक साथ नीचे लेट गए। रात के समय में एक सांप घर में घुसा और चारपाई पर सो रहे सुरेंद्र राजपूत और आंशिक को काट लिया। जब किसी के काटने के एहसास पर वह जागा तो देखा बगल में एक तीन फीट लंबा सांप बैठा था। यह देख कर उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में यह पता चला कि बेटे आंशिक को भी सर्प ने काटा है। शोरगुल सुनकर घर वाले और आस पास के लोग भी एकत्रित हो गए। लोगों ने कमरे में घूम रहे सर्प को एक बाल्टी के अंदर बंद कर लिया। हालत बिगड़ने पर पिता- पुत्र दोनों को मेडिकल कॉलेज ले गए जहां पर उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
इनका है कहना
मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. समीम कुरैशी ने साेमवार काे बताया कि पिता-पुत्र को सीरियस हालत में लाया गया। बच्चे की हालत नाजुक थी, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालत में सुधार होने पर वेंटिलेटर हटा दिया गया। पिता सुरेंद्र को वार्ड में भेज दिया गया, जबकि बेटा आंशिक का इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। दोनों खतरे से बाहर हैं।