अंबिकापुर : आयकर विभाग के छापे के खिलाफ व्यापारी संघ ने खोला मोर्चा, सुबह से ही बंद रही दुकानें

Share

अंबिकापुर : आयकर विभाग के छापे के खिलाफ व्यापारी संघ ने खोला मोर्चा, सुबह से ही बंद रही दुकानें

अंबिकापुर, 1 जून (हि.स.)। अंबिकापुर में आयकर विभाग की छापेमारी के खिलाफ व्यापारी संगठनों ने आज रविवार को नगर बंद कर रैली निकाली। बंद का व्यापक असर देखने को मिला। आज रव‍िवार सुबह से ही प्रतिष्ठानें बंद रही। कलेक्टोरेट चौक पर व्यापारी संघों ने लगातार आयकर विभाग की छापे और अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की। इधर, बंद का समर्थन कांग्रेस पार्टी ने भी किया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार, सरगुजा जिले में लगातार व्यापारियों पर आयकर विभाग के छापों के खिलाफ रव‍िवार को व्यापारी संगठनों ने मोर्चा खोला। अंबिकापुर के रिंगरोड, बिलासपुर चौक पर लक्ष्मी ट्रेडर्स में शुक्रवार से चल रहे आयकर विभाग के छापे का विरोध करते हुए व्यापारियों ने नारेबाजी की। अग्रसेन भवन में बैठक के बाद व्यापारियों ने रैली निकालकर रविवार को नगर बंद रखा।

आज शाम को व्यापारी संगठन रैली निकालकर अंबिकापुर के मुख्यमार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट चौक पहुंची। व्यापारी संगठनों ने तहसीलदार उमेश बाज को मुख्‍यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

व्यापारी संगठनों का आरोप है कि, जीएसटी चोरी का आरोप लगाकर फाइन का डर दिखाकर लाखों रुपये की अवैध उगाही की जा रही है। कुछ व्यापारियों को टारगेट कर कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी संघ ने व्यापारियों को परेशान न करने और अवैध उगाही पर रोक लगाने की मांग की है। व्यापारी संगठनों के बंद का व्यापक असर दिखा। अब यह मुद्दा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। कांग्रेस पार्टी ने इस बंद का समर्थन किया है।

—————