महेंद्र भट्ट ने पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत का जताया भरोसा

Share

महेंद्र भट्ट ने पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत का जताया भरोसा

-महेंद्र भट्ट ने मोदी सरकार के 11 वर्षों पर देवभूमिवासियों की तरफ से दी बधाई

देहरादून, 09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंन्द्र भट्ट ने आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर सरकार की तरह पार्टी संगठन भी पूर्णतया तैयार है। पार्टी पंचायत चुनावों में सभी प्रधान, बीडीसी सदस्य पद पर कार्यकर्ताओं को उतारने के लक्ष्य के साथ सभी अध्यक्ष पदों को जीतने का दावा किया है।

सोमवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातीचत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की तरफ से बधाई दी।

महेंद्र भट्ट ने परिस्थितियां अनुकूल होने पर जुलाई माह में चुनाव हो सकते हैं। जिसके लिए पार्टी ने अपनी रणनीति और चुनावी टीमें तैयार कर ली है। जैसे ही तिथियों की घोषणा होगी, टीम के नामों की घोषणा हो जाएगी और पार्टी पर्यवेक्षकों को क्षेत्रों में भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जिला पंचायत सदस्यों पर समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव में उतारती है, लेकिन इस मर्तबा पार्टी का लक्ष्य है सभी प्रधान और बीडीसी सदस्य पद पर कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारा जाए। उन्होंने दावा किया कि संगठन की तैयारी और सरकार की उपलब्धियां बताती हैं, सभी जिला पंचायत अध्यक्ष समेत अधिकांश क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष सीटों कमल खिलेगा।

लंगड़े घोड़े होने से ही कांग्रेस की हुई दुर्दशा

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में लंगड़े घोड़े की चर्चा से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए कटाक्ष किया कि वहां सभी घोड़ों के लंगड़े होने से ही कांग्रेस की दुर्दशा हुई है। जो घोड़े राजनीति में दौड़ने वाले थे वे भाजपा में आ गए और जो दो चार शेष होंगे वे भी 2027 तक पार्टी में आ जाएंगे। लिहाजा कांग्रेस नेता बेकार में आपसी सिरफुटव्वल न करे क्योंकि अगले विधानसभा चुनावों में भाजपा का प्रचंड बहुमत से जीतना तय है।

अस्थाई भवन से संचालित होंगी गतिविधियां

पार्टी प्रदेश कार्यालय को लेकर पूछे गये सवाल का ज़बाब देते हुए महेंद्र भट्ट ने बताया कि संगठन के वृहद आकार और कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के लिए कार्यालय विस्तार की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। जिसको लेकर वर्तमान कार्यालय को ही अतिरिक्त भूमि के साथ नया स्वरूप देना निर्धारित हुआ है। लिहाजा निर्माण अवधि तक प्रदेश कार्यालय की गतिविधियों को नए अस्थाई भवन से संचालित किया जाएगा।

कांग्रेस सरकार दोषियों को बचाती थी

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के बेटी बचाओ अभियान के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारी सरकार में सभी अपराध विशेषकर महिला अपराध में लिप्त मामलों में कठोर कार्रवाई की जाती है। कांग्रेसी सरकारों की तरह हम अपना या पराया, छोटा या बड़ा मानकर किसी को भी बचाने का काम नहीं करते हैं, सभी पर निष्पक्ष और अविलंब कार्रवाई की जाती है। झूठे आरोप लगाने वाली कांग्रेस का दौर भी जनता ने देखा है, जब मंत्री, मुख्यमंत्री, कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि पर गंभीर महिला अपराधों के मामले सामने आए, लेकिन सरकार की ओर से दबा दिए गए या ठीक पैरवी नहीं की गई। भाजपा सरकारों ने महिला हितों और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।

—-