हरिद्वार में निर्जला एकादशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी
-जगह-जगह छबिल लगाकर बांटा शर्बत, लोगों ने किया दान
हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। निर्जला एकादशी पर्व पर शुक्रवार को हरकी पैड़ी, ब्रह्म कुण्ड समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने देवदर्शन कर दान आदि कर्म कर सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान पर्व पर भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
मान्यता है कि निर्जला एकादशी साल की सभी एकादशियों में श्रेष्ठ मानी गई है। निर्जला एकादशी पर स्नान और व्रत से सभी सुखों की प्राप्ति होती है। निर्जला एकादशी का व्रत बिना जल ग्रहण किये ही रखा जाता है। इस दिन गंगा स्नान और दान का विशेष महत्व बताया गया है। इसी के चलते आज भी तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। लोगों ने हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर पुण्य की डुबकी लगायी और सुख-समृद्धि की कामना की।
आज के दिन पंखा, कलश, शर्बत, फल आदि दान करने का विशेष महत्व बताया गया है। इस कारण स्नान के पश्चात लोगों ने मंदिरों व ब्राह्मणों को पंखा, कलश, शर्बत, फल, दक्षिणा आदि दान किया।
बाजारों में भी जगह-जगह सुराही और घड़ों की बिक्री होती नजर आयी। साथ ही फलों की भी जमकर खरीदारी हुई। इस दिन मीठा पानी पिलाने का भी महत्व बताया गया है। इसी कारण जगह-जगह लोगों ने छबील लगाकर लोगों को मीठा शर्बत वितरित किया।
स्नान पर्व पर भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। यातायात प्लान भी लागू किया गया था। बावजूद इसके भीड़ के कारण राजमार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए।
——————–