एफआईएच प्रो लीग: रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड ने भारत को 3-2 से हराया

Share

एफआईएच प्रो लीग: रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड ने भारत को 3-2 से हराया

-अभिषेक ने 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए किया गोल

एम्स्टलवीन (नीदरलैंड्स), 09 जून (हि.स.)। वाघनेर हॉकी स्टेडियम में खेले गए एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024/25 के एक रोमांचक मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मेजबान नीदरलैंड्स के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारत की ओर से अभिषेक (20′) और जुगराज सिंह (54′) ने गोल किए, जबकि नीदरलैंड्स के लिए थाइस वान डैम (24′), टजेप होडेमेकर (33′) और जिप जैनसेन (57′) ने स्कोर किया।

भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में तेज और नियंत्रित खेल दिखाया। फारवर्ड अभिषेक ने छठे मिनट में गोल का शानदार प्रयास किया, लेकिन गेंद गोल के पास से निकल गई। भारत ने पोज़ेशन पर पकड़ बनाए रखी और नीदरलैंड्स को लगातार चुनौती दी, लेकिन पहला क्वार्टर बिना गोल के समाप्त हुआ।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने लय बरकरार रखी और 20वें मिनट में अभिषेक ने शिलानंद लाकड़ा के पास पर शानदार फिनिश कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह उनके करियर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था, जिसे उन्होंने यादगार बना दिया। लेकिन चार मिनट बाद ही थियरी ब्रिंकमैन के असिस्ट पर थाइस वान डैम ने बराबरी का गोल कर दिया। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 रहा।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में नीदरलैंड्स ने आक्रामक रवैया अपनाया। 33वें मिनट में फ्लोरिस वॉर्टलबोयर के तेज क्रॉस पर टजेप होडेमेकर ने गोल कर नीदरलैंड्स को 2-1 की बढ़त दिलाई। भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदला जा सका।

चौथे क्वार्टर में भारत ने बराबरी के लिए दबाव बढ़ाया। 54वें मिनट में चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह ने दमदार ड्रैग फ्लिक से गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद ललित उपाध्याय को बढ़त दिलाने का सुनहरा मौका मिला, लेकिन डच गोलकीपर मौरिट्स विसर ने शानदार बचाव किया। फिर 57वें मिनट में नीदरलैंड्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे जिप जैनसेन ने गोल में तब्दील कर स्कोर 3-2 कर दिया। भारत ने आखिरी क्षणों तक जोर लगाया, लेकिन डच रक्षा पंक्ति ने उन्हें गोल से वंचित रखा।

भारतीय टीम अब तक 10 मैचों में 15 अंकों के साथ अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। टीम 11 जून को अर्जेंटीना के खिलाफ अगला मैच खेलेगी।

—————