ग्वालियर: शहर में दोपहर से देर रात तक जारी रही रिमझिम बारिश

Share

ग्वालियर: शहर में दोपहर से देर रात तक जारी रही रिमझिम बारिश

-24 घंटे में 38.7 मिलीमीटर गिरा पानी

ग्वालियर, 19 जून (हि.स.)। शहर में बुधवार-गुरुवार की रात लगभग एक से चार बजे तक कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हुई। इसके बाद गुरुवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे से एक बार फिर शुरू हुई रिमझिम बारिश देर रात तक जारी रही। शहर में पिछले 24 घंटे में 38.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि इस समय मौजूद प्रभावी मानसून प्रणालियों का असर अगले तीन दिन बना रहेगा। इसके चलते 22 जून तक रुक-रुककर बारिश का क्रम इसी प्रकार जारी रहने की संभावना है।

बुधवार की रात में हुई बारिश के बाद गुरुवार को सुबह से दोपहर तक मौसम खुला रहा। दोपहर एक बजे के बाद आसमान में काली घटनाएं छा गईं और डेढ़ बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। हालांकि बूंदों ने रफ्तार नहीं पडक़ी लेकिन रुक-रुककर हल्की बारिश का क्रम लगातार जारी है। जिससे आज मौसम अनुकूल बना रहा और शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तरह आज भी अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 98 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 97 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 52 प्रतिशत अधिक है। शहर में एक जून से अब तक कुल 101.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार इस समय ग्वालियर से मानसून की उत्तरी सीमा गुजर रही है जबकि उत्तरी मध्य प्रदेश में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा पूर्वोत्तर झारखंड में निम्नदाब का क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान एवं पूर्वोत्तर राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से हवा के साथ नमी का आना जारी है। इसके चलते अगले तीन दिन तक बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 21 या 22 जून को ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद