लोकतंत्र सेनानियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए नामित होंगे नोडल अधिकारी

Share

लोकतंत्र सेनानियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए नामित होंगे नोडल अधिकारी

देहरादून, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान करते हुए कहा कि सरकार सेनानियों के हर समस्या के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की मुद्दों के तत्परता से निस्तारण के लिए शासन स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। इसके साथ ही सेनानियों के कल्याण और हित में मानसून सत्र में अधिनियम लाया जाएगा।

बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित संविधान हत्या दिवस-2025 पर आयोजित कार्यक्रम में यह बातें कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों व उनके परिवारजनों का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आपातकाल में मीसा और डीआईआर बंदियों के साथ संवाद किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों को प्रतिमाह मिलने वाली सम्मान निधि को बढ़ाने का फैसला लिया था,जिसे आने वाले समय में और बढ़ाया जाएगा। उन्हाेंने कहा िक उत्तराखंड सरकार राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिवर्ष लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करेगी ।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते कहा कि से​नानियों ने जेलों की कालकोठरियों में रहकर भी लोकतंत्र के दीप को बुझने नहीं दिया। यह लोकतंत्र प्रहरियों के तप,त्याग और अटूट संकल्प का ही परिणाम है,जिसके कारण भारत के प्रत्येक नागरिक के मन में लोकतंत्र के प्रति एकनिष्ठ आस्था विद्यमान है।

काले अध्याय से आने वाली पीढ़ियों को अवगत कराना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकनायक जयप्रकाश नारायण, श्रद्धेय नानाजी देशमुख और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं ने जेलों में रहते हुए भी लोकतंत्र के प्रति युवाओं में चेतना जाग्रत करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं आपातकाल के समय भूमिगत रहकर लोकतंत्र की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहे थे। यही कारण है कि उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के योगदान और आपातकाल के काले अध्याय से आने वाली पीढ़ियों को अवगत कराने के लिए 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में मनाने की शुरुआत की।

आज प्रदेश भर में आपातकाल के विरुद्ध हुए इस महान आंदोलन के बारे में हमारी युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रदर्शनियों को आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी,सचिव शैलेश बगौली,लोकतंत्र सेनानी कृष्ण कुमार अग्रवाल,प्रेम बड़ाकोटी और बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी और उनके परिजन मौजूद रहे।