विश्व पर्यावरण दिवस पर कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में विभिन्न गतिविधयों का आयोजन
मंडी, 06 जून (हि.स.)। मंडी के कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल लूणापानी में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन एक उत्साह और जोश के साथ किया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष सभा में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को उजागर करते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर छात्रों ने पर्यावरण पर एक सुरीला समूह गीत प्रस्तुत किया, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं पर स्कूल के छात्रों द्वारा विचारोत्तेजक नाटिका का मंचन किया, जिसने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका जमवाल ने अपने संबोधन में पृथ्वी की रक्षा के तरीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कक्षा एक से तीन तक के छात्रों ने मुक्त हस्त चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया, कक्षा 4 से 6 तक के छात्रों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया, और कक्षा सात से नौ तक के छात्रों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। इस मौके पर इको क्लब ने पेपर बैग, पक्षियों के लिए दाना रखने के लिए बर्तन और कूड़ेदान बनाकर पर्यावरण मित्रता को बढ़ावा देने का एक अद्भुत प्रयास किया। यह पहल छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाने में मदद करेगी।
—————